पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कवर्धा में होमगार्ड को अलॉट जमीन पर कांग्रेस पर कब्जा करने के भी आरोप लगाए हैं।
- पूर्व सीएम डॉ. रमन ने प्रदेशभर में बन रहे कांग्रेस के दफ्तरों पर साधा निशाना, लगाए जमीन पर कब्जे के आरोप
- कांग्रेस ने लगाए झीरम की जांच को बाधित करने के आरोप, किसानों की आत्महत्याएं भी याद दिलाईं
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी हर जिले में दफ्तर बना रही है। अब भारतीय जनता पार्टी इसके लिए अलॉट हुई जमीनों पर कांग्रेस को घेर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस जमीनों पर कब्जा कर रही है। विवादित जमीनों पर राहुल गांधी से भूमि पूजन करवा दिया। दफ्तरों के नाम राजीव भवन रखे जा रहे हैं, ऐसे में तो राजीव गांधी की आत्मा दुखी होगी। इसके जवाब में कांग्रेस ने डॉ. रमन को उनका 15 साल का कार्यकाल याद दिलाया।
कांग्रेस की तरफ से संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कभी रमन सिंह ने सोचा कि झीरम की घटना के बाद जिस तरीके से उन्होंने राज्य सरकार के जरिए जांच को बाधित किया, जिस तरीके से भाजपा की केन्द्र सरकार से जांच को बाधित कर रही है। झीरम के शहीदों की आत्माएं उसके बारे में क्या सोचती होंगी? 15 साल रमन सिंह के शासनकाल में हर दिन 3 किसान आत्महत्या करते थे। कभी रमन सिंह ने उन किसानों के आत्माओं के बारे में सोचा क्या? इन मुद्दों पर अब दोनों दल आमने-सामने हैं।
Post a comment