- बिंद्रानवागढ़ से विधायक हैं पुजारी, कहा- फिलहाल कोई लक्षण नहीं
- विधानसभा में एंटीजन टेस्ट में आई रिपोर्ट, मानसून सत्र का आज अंतिम दिन
कोरोना का संक्रमण छत्तीसगढ़ विधानसभा तक पहुंच गया है। मानसून सत्र के अंतिम दिन भाजपा विधायक डमरूधर पुजारी कोरोन संक्रमित मिले हैं। वह विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा ले रहे थे। इसी दौरान उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद वह सदन से निकल गए। वहीं ड्यूटी कर रहा एक सिपाही भी पॉजिटिव मिला है।
दरअसल, विधानसभा में सुरक्षा के लिए स्पीकर सहित सभी विधायकों का कोरोना का एंटीजन टेस्ट कराया गया। इसी में विधायक पुजारी पॉजिटिव मिले हैं। वहीं उनका कहना है कि वे आगे भी जांच कराएंगे। हालांकि बिंद्रानवागढ़ से विधायक पुजारी का कहना है कि उनको कोई लक्षण महसूस नहीं हो रहे हैं। फिलहाल उन्होंने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है।
कई विधायकों और अधिकारियों को होना पड़ सकता है क्वारैंटाइन
विधायक पुजारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद माना जा रहा है कि कई लोगों को अपना कोरोना टेस्ट कराना पड़ सकता है। उनके संपर्क में आए कुछ विधायक और अधिकारी क्वारैंटाइन भी हो सकते हैं। वहीं सिपाही के पॉजिटिव मिलने के बाद संपर्क में आए अन्य पुलिसकर्मी भी टेस्ट कराएंगे। विधानसभा सत्र का शुक्रवार को आखिरी दिन था।
Post a comment