- सड़कों पर सोशल डिस्टेंसिंग नदारद, मुख्यमंत्री की अपील- भीड़ वाली जगहों पर न जाएं
- रायपुर में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मरीज, अभी नहीं संभले तो हालात हो सकते हैं बेकाबू
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर कोरोना संक्रमण की हॉट स्पॉट बन गई है। यहां लगातार संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। सरकार और प्रशासन बार-बार लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रही है। इसके बावजूद सड़कों पर भीड़ है और सोशल डिस्टेंसिंग गायब है। पिछले 10 दिनों में रायपुर में 2936 पॉजिटव मिले, जबकि 51 मरीजों की मौत हो गई है।
प्रशासन ने कहा- रविवार को लॉकडाउन हटाने पर अभी विचार नहीं
गणपति महोत्सव की आज शनिवार से शुरुआत हो गई है। प्रशासन की ओर से गणपति पंडाल सजाने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन रविवार को लॉकडाउन में कोई छूट नहीं मिलेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अभी इस पर कोई विचार नहीं किया गया है। साथ ही दुकानों के समय बढ़ाने को लेकर भी अभी कोई स्पष्ट निर्देश नहीं है।
दिनांक | पॉजिटिव मिले | कुल पॉजिटिव | एक्टिव केस | मौत | कुल मौतें |
12 अगस्त | 182 | 4594 | 1704 | 3 | 50 |
13 अगस्त | 195 | 4789 | 1834 | 7 | 57 |
14 अगस्त | 184 | 4973 | 1931 | 11 | 68 |
15 अगस्त | 217 | 5190 | 2065 | 3 | 71 |
16 अगस्त | 246 | 5436 | 2277 | 4 | 75 |
17 अगस्त | 190 | 5626 | 2252 | 3 | 78 |
18 अगस्त | 267 | 5893 | 2451 | 8 | 86 |
19 अगस्त | 291 | 6184 | 2640 | 1 | 87 |
20 अगस्त | 341 | 6554 | 2726 | 6 | 93 |
21 अगस्त | 283 | 6890 | 2982 | 5 | 98 |
एम्स में सोमवार से हो सकेगी जांच, सैनिटाइजेशन के लिए बंद किया गया
टाटीबंध स्थित एम्स में कोरोना टेस्ट रोक दिया गया है। लैब की साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन के चलते ये कदम उठाया गया है। यहां पिछले 6 माह से लगातार जांच की जा रही थी। अब इसे सोमवार को सैनिटाइजेशन के बाद ही शुरू किया जाएगा। इस दौरान एम्स में आने वाले सैंपल दूसरी जगह भेजे जाएंगे। फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था बढ़ाई गई है।
ये प्रमुख जांच केंद्र सुविधा के लिए
- जिला अस्पताल पंडरी रायपुर, सुबह 10 से शाम पांच बजे तक ।
- टीवी अस्पताल कालीबाड़ी रायपुर, सुबह 10 से शाम पांच बजे तक ।
- शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरगांव, रायपुर, सुबह 10 से शाम पांच बजे तक ।
- सामुदायिक भवन चंगोराभाठा, रायपुर सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक ।
- सियान सदन भारत माता चौक गुढ़ियारी , रायपुर सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक ।
- मितानिन भवन बाजार चौक, भनपुरी, रायपुर सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक ।
- आश्रय भवन, मोवा, रायपुर सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक ।
- शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाभांडी, रायपुर सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक ।
- शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोखोपारा, रायपुर सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक ।
रायपुर में 357 से अधिक कंटेनमेंट जोन, घर से बाहर निकलने पर प्रतिबंध
रायपुर में अभी तक 357 कंटेनमेंट जोन हो गए हैं। कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन ने निर्देश दिए हैं कि कंटेनमेंट जोन में प्रवेश और निकास के लिए केवल एक द्वार होगा। पुलिस कर्मचारी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए निर्देशित हैं। आने-जाने वाले सभी व्यक्तियों का विवरण दर्ज किया जाएगा। मेडिकल इमरजेंसी छोड़कर घर से बाहर निकलने पर प्रतिबंध है।
सीएम की लोगों से अपील- गणेशोत्सव में भीड़ वाली जगहों पर न जाएं
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गणेश चतुर्थी पर लोगों से कहा है कि वे त्यौहार जरूर बनाएं, लेकिन बहुत ज्यादा भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। उन्होंने गणेश पंडालों में भी सतर्कता बरतने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कोरोना लगातार अपना प्रभाव फैला रहा है, ऐसे में हम सभी को सतर्कता बरतते हुए त्यौहार मनाना है।
Post a comment