- दुनियाभर में अब तक 5.87 लाख लोगों की जान गई, 81.79 लाख ठीक हुए
- अमेरिका में सबसे ज्यादा 36.18 लाख मरीज, 1 लाख 40 हजार 185 मौतें
दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 1 करोड़ 37 लाख 28 हजार 663 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 81 लाख 79 हजार 230 ठीक हो चुके हैं। वहीं, 5 लाख 87 हजार 689 की जान गई है। अटलांटा की मेयर किशा लांस बॉटम्स ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मास्क न पहनकर कानून तोड़ा है। ट्रम्प बुधवार को अटलांटा के हार्ट्सफिल्ड-जैकसन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां वे बिना मास्क के नजर आए। इस मामले पर व्हाइट हाउस ने सफाई दी है कि अटलांटा की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति ने सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) के दिशा-निर्देशों का पालन किया है।
10 देश जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश | कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 36,18,739 | 1,40,185 | 16,46,683 |
ब्राजील | 19,72,072 | 75,568 | 13,66,775 |
भारत | 9,74,737 | 24,976 | 6,14,897 |
रूस | 7,52,797 | 11,937 | 5,31,692 |
पेरू | 3,37,724 | 12,417 | 2,26,400 |
चिली | 3,21,205 | 7,186 | 2,92,085 |
मैक्सिको | 3,17,635 | 36,906 | 1,99,129 |
द.अफ्रीका | 3,11,049 | 4,453 | 1,60,693 |
स्पेन | 3,04,574 | 28,413 | उपलब्ध नहीं |
ब्रिटेन | 2,91,911 | 45,053 | उपलब्ध नहीं |
ब्राजील: राष्ट्रपति बोल्सोनारो की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव
ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। मंगलवार को दूसरी बार उनका टेस्ट हुआ था। 65 साल के बोल्सोनारो ने कहा है कि वे फिलहाल ब्रासिलिया स्थित अपने घर में क्वारैंटाइन रहेंगे। वे यहीं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपना काम करेंगे।
लैटिन अमेरिकी देशों में मौतों का आंकड़ा 1.50 लाख के पार
देशों में महामारी से मरने वालों का आंकड़ा 1.50 लाख के पार हो गया है। इस क्षेत्र के 33 देशों में संक्रमितों की संख्या 35 लाख से ज्यादा हो गई है। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि इन देशों में अगले महीने संक्रमण और ज्यादा बढ़ सकता है। इनमें ब्राजील में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर है, जहां 19 लाख से ज्यादा संक्रमित हैं और 75 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं।

स्पेन: मृतकों को याद किया गया
स्पेन में गुरुवार को महामारी से जान गंवाने वालों के सम्मान में मैड्रिड के रॉयल पैलेस में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किंग फिलिप VI ने देश में जान गंवाने वाले 28 हजार 400 लोगों को एक मिनट तक मौन रखकर और जलते मशाल के पास सफेद फूल रखकर याद किया।

फ्रांस: इंडोर पब्लिक प्लेस में मास्क अनिवार्य
फ्रांस के प्रधानमंत्री जीन कास्टेक्स ने गुरुवार कहा कि अगले हफ्ते से स्टोर और मॉल्स समेत सभी इंडोर पब्लिक प्लेस में मास्क पहनना जरूरी होगा। अभी तक यहां पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट और सार्वजनिक स्थानों पर ही मास्क लगाना जरूरी था।
चीन: 6 महीने बाद सिनेमा थिएटर्स खोलने की मंजूरी
चीन में 6 महीने बाद सिनेमा थिएटर्स खोलने की मंजूरी दी गई है। सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, 20 जुलाई से लो रिस्क वाले इलाके में सिनेमा हॉल खुल सकेंगे। हालांकि सभी थिएटर्स को अपने यहां वायरस से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतनी होगी। यहां पर जनवरी में सारे थिएटर्स बंद करवा दिए गए थे।

जापान: ओकिनावा मिलिट्री बेस पर दो और सैनिक संक्रमित
जापान के ओकिनावा मिलिट्री बेस पर संक्रमण के 2 और मामलों की पुष्टि हुई है। अब तक देश के 6 बेसों पर 138 अमेरिकी सैनिक और उनके परिवार संक्रमित पाए गए हैं। ओकीनावा के गवर्नर डैनी तमाकी ने बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जाहिर की है। उन्होंने इससे पहले बुधवार को सीएनएन न्यूज से बातचीत में कहा था कि अब अमेरिका से किसी भी सैनिक को ओकिनावा द्वीप पर आने की इजाजत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने सैन्य बेस को लॉकडाउन करने की मांग भी की थी।

दक्षिण अफ्रीका: संक्रमितों का आंकड़ा 3 लाख के पार
दक्षिण अफ्रीका में संक्रमितों का आंकड़ा 3 लाख के पार हो गया है। यहां 4 हजार 453 मौतें हुई हैं। यहां ऑक्सीजन और अस्पतालों में बेड की कमी की बात भी सामने आ चुकी है। बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने लॉकडाउन से जुड़ी पाबंदियां कड़ी कर दी हैं। शराब की बिक्री पर दोबारा रोक लगा दी गई है और सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना जरूरी कर दिया गया है।

बांग्लादेश: फर्जी टेस्ट रिपोर्ट जारी करने वाला अस्पताल मालिक गिरफ्तार
बांग्लादेश में बुधवार को लोगों को फर्जी टेस्ट रिपोर्ट जारी करने वाले अस्पताल मालिक मोहम्मद शाहिद को गिरफ्तार कर लिया गया। वह पिछले नौ दिनों से फरार था। वह बुर्का पहनकर भारत भागने की कोशिश में था। लेकिन,बांग्लादेश की रैपिड एक्शन बटालियन ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, उसके अस्पताल में 10 हजार 500 लोगों की जांच की गई थी। इनमें से 4 हजार 200 रिपोर्ट सही थी। बाकी 6 हजार 300 रिपोर्ट फर्जी थे।

अमेरिका: ओकलाहोमा के गवर्नर संक्रमित
अमेरिका के ओकलाहोमा राज्य के गवर्नर जॉन स्टिट संक्रमित पाए गए हैं। स्टिट ने मंगलवार को अपना टेस्ट कराया था। उन्होंने टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद कहा, ‘‘ मेरी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं फिलहाल अच्छा महसूस कर रहा हूं और अपने परिवार से दूर आइसोलेट हूं। जब तक सब सामान्य नहीं होता मैं घर से ही काम करूंगा। शनिवार से पहले तक मैं संक्रमित नहीं था। मेरे संपर्क में आए सभी लोगों को ट्रेस किया जा रहा है।’’ ओकलाहोमा में अब तक 424 मौतें हुई हैं।

ऑस्ट्रेलिया: मेलबर्न के सरकारी अस्पताल के 12 कर्मचारी संक्रमित
ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में गुरुवार को 317 नए मामले सामने आए। यह यहां अब तक के सबसे ज्यादा मामले हैं। मेलबर्न शहर स्थित रॉयल मेलबर्न सरकारी अस्पताल के 12 कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही 70 से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी क्वारैंटाइन में है। इस बीच प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने वेज सब्सिडी बढ़ाने का भी ऐलान किया।

चिली: दो महीने में पहली बार संक्रमित कम हुए
चिली के स्वास्थ्य मंत्री इनरिक पेरिस ने बुधवार को कहा कि देश में दो महीने में पहली बार संक्रमितों की संख्या कम हुई है। पिछले सात दिनों में इसमें 14% और 14 दिनों में 36% की कमी आई है। बुधवार को यहां 1 हजार 712 नए मामले मिले और 117 मौतें हुईं। यहां अब 7 हजार 186 लोगों की मौत हुई है।

आईएमएफ ने कहा- संक्रमण की दूसरी लहर से ज्यादा खतरा
आईएमएफ की मैनेजिंग डायरेक्टर क्रिस्टालिना जॉर्जिवा ने कहा है कि महामारी का खतरा टला नहीं है। संक्रमण की दूसरी लहर ज्यादा खतरनाक हो सकती है। इससे और अधिक नौकरियां जाएंगी और दिवालिया होने वालों की संख्या बढ़ेगी। जी-20 के सदस्य देशों समेत कई देशों ने इसे रोकने के लिए कदम उठाया है। लेकिन, इतना काफी नहीं है। मौजूदा हालात को देखते हुए ऐसा लगता है कि इस साल दुनिया की जीडीपी में 4.9% की गिरावट आएगी।
ईरान: 140 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता सिमा सादत लारी ने बुधवार को बताया कि संक्रमण फैलने से अब तक हमारे 140 स्वास्थ्यकर्मियों की मौत हुई है। वहीं, 5 हजार डॉक्टर्स और नर्स संक्रमित हैं। हम सभी को उन्हें सम्मान देना चाहिए और स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। यहां अब तक 2 लाख 64 हजार 561 संक्रमित मिले हैं और 13 हजार 410 मौतें हुई हैं।
Post a comment