तस्वीर रायपुर की है। कोरोना संक्रमण को हराने के बाद जवान ने जब ड्यूटी दोबारा शुरू की तो थाने में एंट्री इस अंदाज में हुई।
- शहर की यातायात पुलिस ने हौसला अफजाई की, अधिकारियों ने भी जवान से मुलाकात की
- एम्स में इलाज चल रहा था, 14 दिन होम क्वारैंटाइन की अवधि को पूरा कर काम पर लौटे
शहर के ट्रैफिक पुलिस जवान को भी कोरोना ने चपेट में ले लिया था। इस बीमारी को हराकर जवान अब दोबारा फर्ज को पूरा करने ड्यूटी पर लौट आया। गुरुवार को इस जवान का यातायात उप पुलिस अधीक्षक सतीश ठाकुर और सहकर्मियों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। यह जवान यातायात थाना भनपुरी में पदस्थ था। माना जा रहा है यहां से गुजरने वाले प्रवासियों के संपर्क में आने के कारण जवान भी संक्रमित हुआ होगा।
24 जून को जवान ने सर्दी, खांसी के लक्षण आने पर एम्स हॉस्पिटल में अपना कोरोना टेस्ट करवाया था। 26 जून को उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इसके बाद इलाज के लिए उसे एम्स में भर्ती किया गया। 2 जुलाई को डिस्चार्ज हो जाने के बाद जवान ने 14 दिन के होम क्वारैंटाइन की अवधि को पूरा किया।
जवान ने बताया कि अब वो लोगों को मास्क पहनकर ही बाहर निकलने, सैनेटाइजर का प्रयोग, बार-बार साबुन या हैंड वॉश से हाथ धोने, सोशल फिजिकल डिस्टेंसिंग बनाए रखने जैसी बातों के साथ जागरुक करेंगे।
Post a comment